Social MediaWorld
दुनिया का सबसे ऊंचा ग्लास पिरामिड, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज नाम

दुबई:- वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के लिए लोग हर दिन कोई न कोई नए कारनामे करते हैं। इसे बनाना आसान तो नहीं होता है। इसके लिए लोगों को कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। अब तक दुनिया में कई अजीबोगरीब वर्ल्ड रिकॉर्ड बने हुए हैं, जिन्हे देखकर बहुत हैरानी होती है। हाल ही में ऐसा ही एक वर्ल्ड रिकॉर्ड दुनियाभर में इस वक़्त चर्चित है। दुबई के एक होटल ने दुनिया के सबसे बड़े ग्लास पिरामिड बनाकर तैयार किया है, जिसके बारे में जानकर पूरी दुनिया हैरान है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दुबई के होटल अटलांटिस, द पाम एंड मोएट एंड चंदन ने शैंपेन गिलास से करीब 27 फीट ऊंचा पिरामिड बना कर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। इसे दुनिया का सबसे ऊंचा ग्लास पिरामिड बताया जा रहा है। इसे बनाने में 54,740 शैंपेन गिलास की मदद ली गई। बताया जा रहा है की इस अद्भुत पिरामिड को बनाना बिलकुल भी आसान नहीं था, इसे बनाने में घंटों का वक्त लगा था। अंत में इसे बनाकर एक नया और अनोखा विश्व रिकॉर्ड कायम कर दिया गया। इस अनोखे ग्लास पिरामिड को देखने के लिए होटल में बहुत सारे लोग इकट्ठा हुए थे।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स (Guinness World Records) का कहना है की, “यह एक फ्रीस्टैंडिंग तीन-तरफा ठोस पिरामिड था, जिसे व्यावसायिक रूप से उपलब्ध पीने के गिलास से बनाया गया था। पिरामिड के तीन आधारों में से प्रत्येक का माप 6.1 मीटर (20 फीट) है, जिसकी केंद्र ऊंचाई 8.2 मीटर (26 फीट 11 इंच) है।” इस वर्ल्ड रिकॉर्ड से पहले यह रिकॉर्ड साल 2017 में स्पेन के मैड्रिड (Madrid) में बना था। वहाँ 50,116 शैंपेन गिलास की मदद से दुनिया का सबसे ऊँचा ग्लास पिरामिड बनाया गया था, जिसका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया था। आज करीब 4 साल के बाद यह रिकॉर्ड टूट गया है।
यह भी पढ़ें:- भारत को मिली नयी ताकत: सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का किया DRDO ने सफल परीक्षण